विंग्स इंडिया 2024 : क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ाने के संबंध में ध्यान केंद्रित करते हुए एचएएल अपने स्वदेशी नागरिक प्लेटफार्मों का प्रदर्शन करेगा
दि.17 जनवरी, 2024 : एचएएल, दिनांक 18-21 जनवरी, 2024 तक बेगमपेट हवाई अड्डा, हैदराबाद में आयोजित होनेवाली विंग्स इंडिया 2024 के दौरान अपने स्वदेशी नागरिक प्लैटफॉर्म, हिन्दुस्तान-228 विमान एवं एएलएच ध्रुव अपग्रेडेड सिविल हेलिकॉप्टर का प्रदर्शन करेगा ।
श्री सी.बी. अनंतकृष्णन, सीएमडी (अतिरिक्त कार्यभार), एचएएल ने कहा, “एचएएल भारत में क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देने के लिए ‘मेड इन इंडिया’ फिक्स्ड विंग सिविल एयरक्राफ्ट की पहल को प्रोत्साहित रहा है । कंपनी डीओ-228 एवं एचएस-748 जैसे विमानों के विनिर्माण में अपनी क्षमताओं का लाभ उठा रही है और क्षेत्रीय परिवहन विमान जैसे नागरिक विमान कार्यक्रमों के लिए अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रही है । एचएएल सिविल एमआरओ कार्यकलापों को करने के लिए भी सक्रिय रूप से सहयोग देने के लिए तत्पर है ।“
एचएएल इस शो के दौरान हॉल ए, स्टॉल नंबर 25 में उपस्थित रहेगा । एचएएल के स्टॉल पर एलयूएच (सिविल वेरिएंट), हिन्दुस्तान-228, एएलएच (सिविल वेरिएंट), लाइन रिप्लेसेबल यूनिट्स (एलआरयू) के स्केल मॉडल एवं सिविल एयरक्राफ्ट से संबंधित उपसाधनों को प्रदर्शित करेगा ।
एचएएल विभिन्न परियोजनाओं के लिए अपने व्यापार भागीदारों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर करने के अलावा ओईएम एवं ग्राहकों के साथ कारोबार संबंधी बैठकें आयोजित करेगा ।
उन्नत सिविल ध्रुव हेलिकॉप्टर : यह उन्नत सिविल ध्रुव हेलिकॉप्टर, 5.5 टन , दो इंजन वाला हेलिकॉप्टर है, जो एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर का संस्करण है, जिसे एचएएल ने अभिकल्पित एवं विकसित किया है । यह हेलिकॉप्टर आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव (एसएआर), अंडरस्लंग भूमिकाएं, हेलि-पर्यटन, वीआईपी फेरी आदि जैसी विभिन्न भूमिकाएं निभा सकता है । इस हेलिकॉप्टर में उन्नत ग्लास कॉकपिट एवं एवियॉनिक्स हैं । यह हेलिकॉप्टर भारत सरकार के क्षेत्रीय संपर्क कार्यक्रम (आरसीएस) की आवश्यकता को पूरा करेगा ।
हिन्दुस्तान-228 : हिन्दुस्तान-228 विमान एक बहु-उद्देशीय, हलका वजन वाला ट्विन टर्बोप्रॉप एयरक्राफ़्ट है, जिसे क्षेत्रीय संपर्क योजना, उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) के तहत कम दूरी के हवाई मार्गों पर दूरस्थ क्षेत्रीय संपर्क की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एचएएल द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है । हिन्दुस्तान-228 को क्षेत्रीय एयरलाइनर / एयर टैक्सी, वीआईपी / एग्जीक्यूटिव ट्रान्सपोर्ट, खोज एवं बचाव, आपातकालीन निकासी / एम्बुलेंस, कार्गो एवं लॉजिस्टिक सहायता, हवाई अड्डे के नाव-एड्स का कैलिब्रेशन, भौगोलिक सर्वेक्षण, हवाई फोटोग्राफी आदि विभिन्न भूमिकाओं के लिए कॉन्फ़िगर किया जा सकता है । एयरक्राफ़्ट कॉकपिट को पूरी तरह से डिजिटल ग्लास कॉकपिट, उन्नत एवियॉनिक्स एवं प्रणालियों के साथ अपग्रेड किया गया है । यह एयरक्राफ़्ट डीजीसीए द्वारा टाइप प्रमाणित है ।
सिविल एलयूएच : एचएएल ने हलका उपयोगिता हेलिकॉप्टर के सिविल संस्करण को विकसित करने की भी पहल की है । कंपनी डीजीसीए प्रमाणन के साथ एलयूएच सिविल प्रोटोटाइप के निर्माण का कार्य कर रही है, जिसका दिसंबर, 2025 तक प्राप्त होना अपेक्षित है ।


