सचिव (रक्षा उत्पादन) ने एचएएल की नई हेलिकॉप्टर फैक्ट्री में एलसीएच उत्पादन लाइन का उद्घाटन किया – आत्मनिर्भरता को मिला बल
बेंगलूरु, दि. 13 अप्रैल, 2026: श्री संजीव कुमार, सचिव (रक्षा उत्पादन), रक्षा मंत्रालय ने आज कर्नाटक के तुमकूरु में हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड की नई हेलिकॉप्टर फैक्ट्री में प्रचण्ड लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (एलसीएच) स्ट्रक्चर असेंबली लाइन तथा ऑटोमेटेड स्टोरेज एंड रिट्रीवल सिस्टम (एएसआरएस) का उद्घाटन किया । डॉ. डी. के. सुनील, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एचएएल तथा सुश्री मनीषा चंद्रा, संयुक्त सचिव (एरो) इस अवसर पर उपस्थित थे । उनके साथ एचएएल के निदेशक तथा एचएएल एवं रक्षा मंत्रालय (एमओडी) के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे ।
नई हेलिकॉप्टर फैसिलिटी एक अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड सुविधा है, जिसकी स्थापना लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (एलयूएच) तथा प्रचण्ड एलसीएच के उत्पादन के लिए की गई है । यह सुविधा भावी परियोजनाओं, जैसे इंडियन मल्टी रोल हेलिकॉप्टर (आईएमआरएच) और डेक‑बेस्ड मल्टी रोल हेलिकॉप्टर (डीबीएमआरएच) को समर्थन प्रदान करेगी ।
सचिव (रक्षा उत्पादन) ने एचएएल प्रबंधन के साथ बैठक की और वर्तमान परियोजनाओं की समीक्षा की । उन्होंने फैसिलिटी की प्रगति तथा हेलिकॉप्टरों के उत्पादन से संबंधित योजनाओं पर संतोष व्यक्त किया । उन्होंने एचएएल की समर्पित एलयूएच उत्पादन फैसिलिटी, एलसीएच इक्विपिंग हैंगर तथा एएसआरएस फैसिलिटी का भी दौरा किया ।






