हमारा कारोबार
वर्ष 1963 में हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) अस्तित्व में आया । हम विमान, हेलिकॉप्टर, एरो-इंजन, एवियॉनिक्स, उपसाधन, एरोस्पेस संरचनाओं और औद्योगिक समुद्री गैस टर्बाइन सहित उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला के अभिकल्पन, विकास, विनिर्माण, मरम्मत, ओवरहाल, उन्नयन एवं सर्विसिंग से संबद्ध हैं । हमें भारत सरकार द्वारा अक्टूबर 2024 में “महारत्न” का दर्जा दिया गया है, जो भारत सरकार द्वारा निर्धारित समग्र निवेश सीमा के अधीन रणनीतिक एवं प्रचालन संबंधी स्वायत्तता प्रदान करते हुए शीघ्र निवेश संबंधी निर्णय लेने की हमारी शक्तियों को भी संवर्धित करता है । हम रक्षा मंत्रालय के साथ वार्षिक आधार पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करते हैं, जो उस वर्ष के लिए विभिन्न लक्षित निष्पादन मानदंडों की रूपरेखा तैयार करता है । चूँकि कंपनी ने अपने लक्षित निष्पादन संबंधी मानदंडों को भली-भाँति प्राप्त किया है, इसी से भारत सरकार द्वारा वर्ष 2002 से लगातार “उत्कृष्ट” रेटिंग प्राप्त होती रही है ।
हमारे प्रचालन पाँच कॉम्प्लेक्सों नामतः बेंगलूरु कॉम्प्लेक्स, मिग कॉम्प्लेक्स, हेलिकॉप्टर कॉम्प्लेक्स, उपसाधन कॉम्प्लेक्स एवं डिजाइन कॉम्प्लेक्स में किए जाते हैं, जिसके अंतर्गत भारतवर्ष में स्थित 20 उत्पादन प्रभाग तथा 10 अनुसंधान एवं अभिकल्प केंद्र (“आर एंड डी केंद्र”) शामिल हैं । इसके अलावा, हमारे प्रचालन को बढ़ाने के लिए हमारे पास 12 वाणिज्यिक संयुक्त उद्यम कंपनियां एवं 2 सहायक कंपनियां भी हैं । हम स्वदेशी अभिकल्पन एवं विकास के प्रति आश्वस्त हैं और साथ ही अपने उत्पादों के विनिर्माण के लिए विदेशी ओईएम के साथ प्रौद्योगिकी हस्तांतरण एवं लाइसेंस करार करते हैं । हमने अब तक आंतरिक अभिकल्पन एवं विकास के माध्यम से 17 प्रकार के विमानों का और लाइसेंस के अधीन 14 प्रकार के विमानों का उत्पादन किया है ।
हाल में, हमारी प्रमुख आपूर्तियाँ एवं सेवाएं भारतीय रक्षा सेवाओं अर्थात् भारतीय वायुसेना, थलसेना, नौसेना एवं तटरक्षक बल के लिए रही हैं । हम विगत पांच दशकों से भी अधिक समय से भारतीय रक्षा बेड़े को सहायता प्रदान करते रहे हैं । हमने इन वर्षों में, अपने उत्पादों एवं सेवाओं को भी विभिन्न देशों में सफलतापूर्वक निर्यात किया है, और हम आज भी निर्यात को बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं ।
हम वर्तमान में हलके लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस, डॉर्नियर डीओ-228 लाइट ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, ध्रुव – एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर, लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (एलसीएच), एवं लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (एलयूएच) के साथ संबद्ध इंजन, एवियॉनिक्स और उपसाधनों का विनिर्माण कर रहे हैं । इसके अतिरिक्त, हमारे पास सु -30 एमकेआई विमान, हॉक एडवांस जेट ट्रेनर, चेतक और चीतल हेलिकॉप्टर के उत्पादन के लिए उत्पादन लाइन उपलब्ध है । हमारी निकटतम भावी परियोजनाओं में एचटीटी -40 बेसिक ट्रेनर, यूटिलिटी हेलिकॉप्टर-मैरीटाइम (एएलएच का नौसना संस्करण), एलसीए का उच्चतर संस्करण एवं कॉम्बैट एयर टीमिंग सिस्टम (सीएटीएस) शामिल हैं ।
