श्रीमती गीता महापात्रा, आईआरटीएस, ने दिनांक 01.09.2026 से हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) का पदभार ग्रहण कर लिया है।
भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) की वर्ष 2006 बैच की अधिकारी, श्रीमती गीता महापात्रा प्रशासन, प्रचालन, भर्ती, संविदा प्रबंधन, नीति निर्माण तथा संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्रों में व्यापक एवं बहुआयामी अनुभव रखती हैं।
एचएएल में कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व, उन्होंने हासन मेंगलूर रेल डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (एचएमआरडीसी) में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं निदेशक के रूप में कार्य किया। उन्होंने संगठन को रणनीतिक दिशा एवं निर्णायक नेतृत्व प्रदान करते हुए उसे पुनः लाभप्रद बनाया तथा संयुक्त उद्यम (जेवी) के करारों एवं विभिन्न प्राधिकरणों के साथ लंबित देयों से संबंधित दीर्घकालिक मुद्दों का समाधान किया। उनका कार्यकाल जटिल संस्थागत एवं हितधारक-संबंधी विषयों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा साथ ही संगठनात्मक उद्देश्यों एवं परिणामों पर स्पष्ट रूप से केंद्रित रहने की उनकी क्षमता को प्रतिबिंबित करता है।
रेलवे भर्ती बोर्ड की सदस्य सचिव के रूप में, उन्हें पारदर्शी, दक्ष एवं समयबद्ध तरीके से भर्ती (ग्रुप ‘सी’ एवं ग्रुप ‘डी’ स्तर) संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस अनुभव ने प्रक्रियागत सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं लोक जवाबदेही के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया।
अपने कैरियर के प्रारंभिक चरण में, उन्होंने यात्री सुविधाओं, संविदा प्रबंधन तथा शिकायत निवारण से संबंधित दायित्वों का निर्वहन किया, जिससे उन्हें सेवा वितरण, वाणिज्यिक प्रशासन तथा हितधारक सहभागिता के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ। वे भारतीय रेल की कैटरिंग नीति के निर्माण हेतु गठित समिति से भी संबद्ध रहीं।
दक्षिण पश्चिम रेलवे के बेंगलूरु मंडल में रेल प्रचालन प्रमुख के रूप में, उन्होंने प्रचालन क्षमताओं को सुदृढ़ बनाने तथा यात्री एवं माल यातायात, दोनों की वृद्धि को सुगम बनाने हेतु महत्वपूर्ण रेल अवसंरचना के संवर्धन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। संगठन के प्रति उनके विशिष्ट योगदान के सम्मानस्वरूप उन्हें प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रेल पुरस्कार, 2020 प्रदान किया गया।
उन्होंने पुणे स्थित प्रतिष्ठित गोखले इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है।
