श्री एम.जी. बालसुब्रह्मण्य को दिनांक 6 मई 2025 से एचएएल में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से पूर्व, वे एचएएल मुख्यालय में अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थे और मुख्यालय के मानव संसाधन तथा अन्य संबद्ध क्षेत्र अर्थात् प्रशिक्षण एवं कौशल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अग्निशमन, संचार माध्यम और संपदा का कार्य भी सँभाल रहे थे। उन्होंने रोशनी निलय, मंगलूर विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ सोशल वर्क से मास्टर ऑफ सोशल वर्क (कार्मिक प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध) के साथ-साथ उस्मानिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ लॉ (एलएलबी) की डिग्री भी प्राप्त की है। वे सक्षमता मूल्यांकन (कॉम्पिटेंसी असेस्मेंट) हेतु सर्टिफाइड आंतरिक मूल्यांकनकर्ता (इंटर्नल एसेसर) भी हैं।
उन्होंने वर्ष 1989 में एचएएल में मैनेजमेंट ट्रेनी (कार्मिक) के रूप में अपने कैरियर का प्रारंभ किया। एचएएल में 35 वर्षों से भी अधिक के अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने प्रभाग, कॉम्प्लेक्स एवं मुख्यालय स्तर पर औद्योगिक संबंध, विधिक एवं अनुशासनिक मामलों, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास, नैगम सामाजिक दायित्व, सुविधा एवं संपदा प्रबंधन तथा सतर्कता सहित मानव संसाधन के सभी क्षेत्रों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में अपने ऊर्जस्वी नेतृत्व में, वे सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा को तलाशने एवं उन्हें सँजोने के साथ-साथ निरंतर ज्ञानार्जन के लिए प्रोत्साहित करने तथा सृजनात्मक संस्कृति निर्मित करने, प्रक्रिया में सुधार लाने तथा स्वचालन, कर्मचारियों की सहभागिता और परिणामत: उत्पादकता में सुधार के प्रति भी सदैव ही केंद्रित रहे हैं। एचएएल में मानव संसाधन संबंधी नीतियों को प्रभावी रूप से विकसित करने एवं उन्हें व्यवस्थित करने के साथ-साथ एचएएल के कारोबार संबंधी ज़रूरतों को पूरा करने और चुनौतियों से निपटने के प्रति भी अत्यंत सक्रिय रहे हैं।
वे कंपनी के किसी अन्य निदेशक से संबंधित नहीं है। उनके पास कंपनी के 216 शेयर हैं।
