श्री पी बी रंगाराव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, हेलिकॉप्टर कॉम्प्लेक्स, रिजनल इंजीनियरिंग कॉलेज, वारंगल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री, एक्सआईएमई, बेंगलूरु से बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है । उन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), अहमदाबाद से नेतृत्व विकास कार्यक्रम भी पूरा किया है ।
इन्होंने 17 जुलाई, 1995 को डिज़ाइन ट्रेनी के तीसरे बैच के अधिकारी के रूप में एचएएल में कार्य प्रारंभ किया । एचएएल में अपने 30 साल के सेवाकाल के दौरान, इन्होंने प्लांट मेंटेनेंस, एएलएच मैन्युफैक्चरिंग शॉप्स, चीता/चेतक ट्रांसमिशन और ब्लेड शॉप, चीता/चेतक प्रोजेक्ट के प्रमुख, आउटसोर्सिंग और प्लानिंग सहित कई विभागों में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं । मुख्य कार्यपालक अधिकारी (हेलिकॉप्टर कॉम्प्लेक्स) का कार्यभार संभालने से पहले, इन्होंने हेलिकॉप्टर प्रभाग के अधिशासी निदेशक के रूप में कार्य किया ।
हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड में अपने कार्यकाल के दौरान इनकी कुछ उपलब्धियों में – तुमकूरु में नए हेलिकॉप्टर प्रभाग का प्रारंभ, जिससे हलका उपयोगिता हेलिकॉप्टर (एलयूएच) के पहले बैच का उत्पादन शुरू हुआ, भारतीय थलसेना और भारतीय वायुसेना के लिए एलसीएच-एलएसपी बेस को सफलतापूर्वक प्रारंभ किया गया, इन्होंने मार्च 2024 में भारतीय थलसेना के लिए 25 एएलएच एमके III अनुबंध और मार्च 2025 में भारतीय थलसेना और भारतीय वायुसेना के लिए 156 एलसीएच एसपी अनुबंध को संपन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई, फ्रांस में एयरबस सुविधाओं के बंद होने के बाद चीता और चेतक हेलिकॉप्टरों के लिए आपूर्ति शृंखलाओं को फिर से स्थापित किया गया, प्रभावी सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से उत्पादन क्षमता में वृद्धि की, ध्यानपूर्वक स्वदेशीकरण पहल के माध्यम से अप्रचलन चुनौतियों का समाधान किया गया, एएलएच घटकों की बेहतर उत्पादन दक्षता के लिए विनिर्माण प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित किया गया आदि हैं ।
श्री पी. बी. रंगाराव को संपूर्ण प्रक्रिया अनुकूलन, विनिर्माण प्रणालियों, गुणवत्ता नियंत्रण और आपूर्ति शृंखला प्रबंधन में गहरी विशेषज्ञता प्राप्त है । इनकी रणनीतिक दृष्टि और कार्यान्वयन क्षमताएँ, एचएएल को उत्पादन दक्षता और तकनीकी आत्मनिर्भरता के उच्चतर स्तरों की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं ।
एचएएल के उत्पादों और सेवाओं के व्यापक पोर्टफोलियो की गहरी समझ रखने वाले इंजीनियर तथा देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने के दृष्टिकोण रखने वाले के रूप में श्री पी बी रंगाराव, भारतीय रक्षा और नागरिक हेलिकॉप्टर बाजारों में सतत विकास की दिशा में हेलिकॉप्टर कॉम्प्लेक्स का नेतृत्व करने के लिए योग्यता के अनुरूप ही पदस्थ हैं ।
