10 अप्रैल 2026

इमर्सिव एरोस्पेस अनुभव के साथ एचएएल विरासत केंद्र एवं एरोस्पेस संग्रहालय का पुनः प्रारंभ

बेंगलूरु, दि. 10 अप्रैल, 2026 : इमर्सिव इंस्टॉलेशनों और उन्नत एविएशन प्रदर्शनों के साथ व्यापक आधुनिकीकरण के उपरांत अद्यतन एचएएल विरासत केंद्र एवं एरोस्पेस संग्रहालय का अनावरण आज एचएएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. डी. के. सुनील द्वारा किया गया । यह संग्रहालय दि. 13 अप्रैल को आम जनता के लिए पुनः खोल दिया जाएगा ।

डॉ. बरेण्य सेनापति, निदेशक (वित्त), श्री रवि के., निदेशक (प्रचालन), श्री एम. जी. बालसुब्रह्मण्य, निदेशक (मानव संसाधन), श्री अजय कुमार श्रीवास्तव, निदेशक (इंजीनियरिंग एवं आर एंड डी) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे ।

डॉ. डी. के. सुनील, अध्यक्ष एवं प्रबंध, एचएएल ने कहा, “वर्ष 2001 में स्थापित, एचएएल विरासत केंद्र एवं एरोस्पेस संग्रहालय भारत का पहला एरोस्पेस संग्रहालय है और बेंगलूरु के प्रतिष्ठित स्थलों में से एक है । पुनर्कल्पित डिज़ाइन और इमर्सिव प्रदर्शनों के साथ यह संग्रहालय अब केवल विमान और कलाकृतियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा है । यह अब एक गतिशील अनुभव प्रदान करता है, जो आगंतुकों को उस नवाचार की भावना, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्रीय सेवा के और अधिक निकट लाता है, जो हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड की पहचान है । आम जनता को इस नए अनुभव का आनंद लेने के लिए हम आमंत्रित करते हैं ।”

प्रमुख विशेषताएँ:

स्थापनाएँ :

संग्रहालय में अत्याधुनिक इंस्टॉलेशन्स प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें हिन्दुस्तान टर्बो फैन इंजन (एचटीएफई‑25) की वास्तविक आकार की प्रतिकृति तथा एचएएल के प्रतिष्ठित विमान को दर्शाने वाली एक 3‑डी एनामॉर्फिक रनवे – प्रचण्ड और तेजस शामिल है । इसके अतिरिक्त प्रमुख आकर्षणों में काइनेटिक इंस्टॉलेशन्स और होलोग्राम फैन डिस्प्ले भी सम्मिलित हैं ।

मुख्य आकर्षण:

संग्रहालय के केंद्र में ‘विंग्स ऑफ भारत’ है, एक विशेष रूप से संयोजित बहु‑संवेदी शो, जिसे हैंगर‑जैसे परिवेश में प्रस्तुत किया गया है और जो राष्ट्र के प्रति एचएएल के योगदान को दर्शाता है । एक होलोबॉक्स इंस्टॉलेशन के माध्यम से ‘तेजस्वी’ का परिचय कराया जाता है, जो एक होलोग्राफिक रूप है और एचएएल की विरासत तथा उपलब्धियों को इंटरएक्टिव स्वरूप में प्रस्तुत करता है ।

संग्रहालय में एचएएल के प्रमुख उत्पादों के विस्तृत 3‑डी मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें फिक्स्ड‑विंग एयरक्राफ्ट, रोटरी‑विंग प्लेटफॉर्म, सिविल एविएशन, इंजन, सिस्टम्स तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियां शामिल हैं । आगंतुक एक डिजिटल फ़्लिपबुक के माध्यम से अभिलेखीय सामग्री और प्रमुख उपलब्धियों का अवलोकन कर सकते हैं, जबकि ध्रुव कॉकपिट सिम्युलेटर एक इमर्सिव, हैंड्स‑ऑन उड़ान अनुभव प्रदान करता है ।

चिल्ड्रन्स एंगेजमेंट झोन :

 युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से डिज़ाइन किए गए इस ज़ोन में इंटरएक्टिव गेम्स, फ्लाइंग मशीन बिल्डर्स, क्विज़, आर्ट एवं कलरिंग स्टेशन्स शामिल हैं । एक इमर्सिव स्पेस शटल मॉड्यूल अंतरिक्ष अन्वेषण की झलक प्रदान करता है, जबकि एक एआर फोटो बूथ आगंतुकों को गतिशील आभासी परिवेश में एचएएल के विमानों के साथ यादगार क्षणों को संजोने का अवसर देता है ।

आउटडोर डिस्प्ले :

 आउटडोर एयरक्राफ्ट पार्क में प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्मों के वास्तविक आकार प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें एचएफ‑24 मारुत, अजीत, लक्ष्य पायलटलेस टारगेट एयरक्राफ्ट, एलसीए तेजस, ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर, मिग‑21 सहित अन्य प्रमुख एयरक्राफ्ट शामिल हैं ।

यह संग्रहालय ओल्ड एयरपोर्ट रोड, मारतहल्ली, बेंगलूरु पर स्थित है और सप्ताह के सभी दिनों में प्रातः 9:00 बजे से सायं 4:30 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहता है । संग्रहालय परिसर में एक सुवेनिर दुकान और कैफेटेरिया की सुविधा भी उपलब्ध है ।