25 फरवरी 2025

एचएएल ने ज्ञानार्जन एवं विकास में रणनीतिक सहयोग के लिए बीईएमएल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए ।

बेंगलूरु, दिनांक 25 फरवरी, 2025: एचएएल एवं बीईएमएल लिमिटेड ने कौशल विकास और व्यावसायिक उत्कृष्टता के उद्देश्य से नेतृत्व और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संबंध में सहयोग करने के लिए आज एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

डॉ श्रीकंठ शर्मा, अधिशासी निदेशक, एचएमए और सुश्री मोनीदीपा रॉय, प्रमुख (प्रतिभा प्रबंधन), बीईएमएल ने  श्री ए बी प्रधान, निदेशक – मानव संसाधन, एचएएल; श्री देबी प्रसाद सत्पथी, निदेशक – मानव संसाधन, बीईएमएल; श्री एम जी बालसुब्रह्मण्य, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन), एचएएल और दोनों संगठनों के वरिष्ठ प्रबंधन के  प्रतिनिधियों की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए ।

इस रणनीतिक सहयोग के तहत, एचएएल प्रबंधन अकादमी (एचएमए) सिक्स सिग्मा, गुणवत्ता, विश्वसनीयता, डेटा एनालिटिक्स और उद्योग 4.0 जैसे प्रमुख क्षेत्रों में परिचयात्मक प्रशिक्षण, मध्यम और वरिष्ठ प्रबंधन प्रशिक्षण, विशेष कार्यशालाओं और प्रमाणन कार्यक्रमों को तैयार कर प्रदान करेगी । यह साझेदारी बीईएमएल प्रोफेशनल्स के लिए औद्योगिक दौरों, ज्ञान-साझाकरण सत्रों, संयुक्त सम्मेलनों, इंटर्नशिप और परियोजना-आधारित ज्ञानार्जन के अवसरों की सुविधा भी प्रदान करेगी ।

इस अवसर पर श्री ए बी प्रधान ने रक्षा और भारी इंजीनियरिंग क्षेत्रों में निरंतर ज्ञानार्जन और क्षमता निर्माण के महत्व पर जोर दिया । श्री देबी प्रसाद सत्पथी ने बीईएमएल के भीतर तकनीकी विशेषज्ञता और प्रबंधकीय नेतृत्व को बढ़ाने में इस सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला ।

यह समझौता ज्ञापन उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने, भारत के रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और व्यवसायिकों को अत्याधुनिक ज्ञान और कौशल से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है ।