24 अप्रैल 2024

एचएएल को भारत के माननीय उप राष्ट्रपति के कर-कमलों द्वारा ‘वर्ष का उत्कृष्ट पीएसयू’ पुरस्कार

बेंगलूरु/दिल्ली, दि.24 अप्रैल, 2024: भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ द्वारा कल रात दिल्ली में एआईएमए द्वारा मैनेजिंग इंडिया अवार्ड्स समारोह में एचएएल को ‘आउटस्टैंडिंग पीएसयू ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया । यह पुरस्कार एचएएल की ओर से श्री सी बी अनंतकृष्णन, सीएमडी (अतिरिक्त प्रभार) द्वारा प्राप्त किया गया । उन्होंने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए एचएएल का चयन करने हेतु एआईएमए को धन्यवाद दिया।

माननीय उप राष्ट्रपति ने सभी विजेताओं को बधाई दी, उन्होंने कहा कि निर्णायकों ने उनका चयन सोच-समझकर किया है। साथ ही, उन्होंने एचएएल के कार्य-निष्पादन की सराहना करते हुए कहा कि इसके सफलता की कहानी प्रेरणादायक है और सार्वजनिक क्षेत्र का यह उपक्रम राष्ट्र का गौरव है।

श्री अनंतकृष्णन ने कहा, “माननीय उप राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त करना हमारे लिए अत्यंत सम्मान का विषय है, और हम सभी एचएएल कर्मी उनके इस भाव से अत्यंत प्रेरित हुए हैं । हम भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के अपने समर्पित प्रयासों के साथ राष्ट्र निर्माण में अग्रसर होकर अपना योगदान देना जारी रखेंगे”।

वर्ष 1957 में स्थापित, ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (एआईएमए) भारत के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रबधकों की आवाज है और प्रबंधन-व्यवसाय की एक शीर्ष निकाय है । यह निकाय भारत में प्रबंधन-व्यवसाय को प्रोन्नत करने के लिए उद्योग, सरकार, शिक्षा और छात्रों के साथ मिलकर काम करता है । इसका लक्ष्य व्यक्तियों एवं संगठनों की क्षमता को समझते हुए उन्हें सम्मानित करना है।

एचएएल ने अपने प्रचालन के माध्यम से दिनांक 31 मार्च, 2024 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए ₹29,810 करोड़ (अनंतिम एवं असंपरीक्षित) के साथ अब तक का सबसे अधिक राजस्व दर्ज किया है, जिसमें विगत वित्तीय वर्ष के 9% की तुलना में लगभग 11% की दो अंकों की वृद्धि देखी गई है । इस कंपनी ने विकास की गति को बनाए रखा है और विभिन्न क्षेत्रों में सर्वांगीण रूप से अपना बेहतर प्रदर्शन किया है।