7 मई 2025

श्री एम.जी. बालसुब्रह्मण्य ने निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया

बेंगलूरु, मई 7, 2025 : श्री एम. जी. बालसुब्रह्मण्य ने कल एचएएल में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस नियुक्ति से पूर्व, वे एचएएल मुख्यालय में अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थे।  

श्री बालसुब्रह्मण्य ने मंगलूर विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ सोशल वर्क से मास्टर ऑफ सोशल वर्क (कार्मिक प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध) की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से लॉ डिग्री प्राप्त की है। वे सक्षमता मूल्यांकन (कॉम्पिटेंसी असेस्मेंट) हेतु सर्टिफाइड आंतरिक मूल्यांकनकर्ता (इंटर्नल एसेसर) भी हैं।  

श्री बालसुब्रह्मण्य ने वर्ष 1989 में एचएएल में मैनेजमेंट ट्रेनी (कार्मिक) के रूप में अपने कैरियर का प्रारंभ किया। एचएएल में 35 वर्षों से भी अधिक के अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने प्रभाग, कॉम्प्लेक्स एवं मुख्यालय स्तर पर औद्योगिक संबंध, विधिक एवं अनुशासनिक मामलों, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास, नैगम सामाजिक दायित्व, सुविधा एवं संपदा प्रबंधन तथा सतर्कता सहित मानव संसाधन के सभी क्षेत्रों में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।

अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में, उन्होंने सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा को तलाशने एवं उन्हें सँजोने के साथ-साथ निरंतर ज्ञानार्जन की संस्कृति को बढ़ावा देने, प्रक्रिया में सुधार लाने तथा स्वचालन, कर्मचारियों की सहभागिता और उत्पादकता में सुधार लाने हेतु प्राथमिकता दी। उन्होंने मानव संसाधन संबंधी नीतियों को विकसित करने एवं उन्हें व्यवस्थित करने के साथ-साथ एचएएल के कारोबार संबंधी ज़रूरतों को पूरा करने और चुनौतियों से निपटने के प्रति भी अपनी प्रमुख भूमिका निभाई।