रवि के. ने एचएएल के सीएमडी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया
बेंगलूरु, दि. 1 मई, 2026: श्री रवि के. ने हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के 22वें अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में दि. 30 अप्रैल, 2026 को सेवानिवृत्त हुए डॉ.डी.के.सुनील से पदभार ग्रहण किया है ।
श्री रवि के. के पास ए एंड डी, विनिर्माण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है । इससे पूर्व, वे एचएएल में निदेशक (प्रचालन) के पद पर कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने रणनीतिक योजना का नेतृत्व किया और एचएएल को महारत्न का दर्जा हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
श्री रवि के. ने कहा, “मेरा दृष्टिकोण एचएएल को नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), प्रचालन उत्कृष्टता तथा लोगों द्वारा संचालित वैश्विक स्तर के एक प्रतिस्पर्धी एरोस्पेस एवं रक्षा उद्यम के रूप में परिवर्तित करना है ।“
उन्होंने एलसीए तेजस प्रभाग के अधिशासी निदेशक एवं महाप्रबंधक के साथ‑साथ अधिशासी निदेशक (नैगम योजना) सहित नेतृत्व की प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं । अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने एचएएल के लिए कई बड़े अनुबंध संपन्न किए, जिनमें भारतीय वायुसेना को 180 एलसीए तेजस की आपूर्ति का अनुबंध, भारतीय थलसेना एवं भारतीय वायुसेना को 156 एलसीएच प्रचण्ड की आपूर्ति का अनुबंध शामिल है तथा उन्हें भारतीय वायुसेना में एलसीए तेजस के बेड़े के संचालन का भी श्रेय दिया जाता है । उन्होंने विभिन्न ग्राहक‑केंद्रित पहलों के माध्यम से बेड़े की सेवा‑क्षमता को बढ़ावा दिया, भारतीय वायुसेना के बेस के साथ निर्बाध डेटा संचार स्थापित किया और ग्राहकों को समय पर सहायता प्रदान करने के लिए एकल संपर्क बिंदु (एसपीओसी) स्थापित किया ।
उन्होंने नासिक में स्वदेशी सामग्री को बढ़ाकर तथा उत्पादन क्षमता का विस्तार करके एलसीए तेजस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वदेशी क्षमताओं को सुदृढ़ करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई है । उन्होंने निजी क्षेत्र के भागीदारों को प्रमुख फ्यूज़लाज असेंबलीज़ का बाह्यस्रोतन करके एक मजबूत विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो वर्तमान सुपुर्दगियों के माध्यम से ठोस परिणाम दे रही है ।
उनकी पहल के परिणामस्वरूप सिविल विनिर्माण तथा अनुरक्षण, मरम्मत एवं ओवरहॉल के क्षेत्रों में एचएएल का विविधीकरण हुआ है, जिससे नए राजस्व स्रोत सृजित हुए हैं और एचएएल की बाजार उपस्थिति का विस्तार हुआ है ।
कर्नाटक के मलनाड कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक श्री रवि के., आईआईएम अहमदाबाद तथा आईएएस, टूलूज़, फ्रांस के पूर्व छात्र हैं । वह मल्टी‑रोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट लिमिटेड के निदेशक मंडल में नामिती निदेशक भी हैं ।


