एलसीए मार्क 1ए की पहली सफल उड़ान
बेंगलुरु, 28 मार्च, 2024 : आज बेंगलूरु स्थित एचएएल फेसिलिटी से तेजस मार्क 1ए विमान श्रृंखला के पहले विमान LA5033 ने आसमान में अपनी उड़ान भरी । 18 मिनट की अवधि की यह एक सफल उड़ान रही । एचएएल के सीएमडी श्री सी.बी. अनंतकृष्णन ने बताया, “एचएएल ने उत्पादन संबधी यह महत्त्वपूर्ण उपलब्धि फरवरी, 2021 में संविदा पर हस्ताक्षर के बाद वैश्विक भू-राजनीतिक वातावरण में आपूर्ति श्रृंखला संबंधी प्रमुख चुनौतियों के बीच अभिकल्पन एवं विकास कार्य के साथ-साथ हासिल की है ।“
ग्रुप कैप्टन के के वेणुगोपाल (सेवानिवृत्त), चीफ टेस्ट पायलट द्वारा इस विमान का संचालित किया गया ।
एचएएल, रक्षा मंत्रालय, भारतीय वायु सेना, डीआरडीओ/एडीए, सेमिलाक, डीजीएक्यूए एवं एमएसएमई को धन्यवाद देता है, जिन्होंने इस कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया है । इन हितधारकों की निरंतर सहायता से, हमारा देश भारतीय वायुसेना द्वारा तेजस मार्क 1ए को जल्द शामिल किए जाने तथा एचएएल में स्थापित उत्पादन की तीनों लाइनों के माध्यम से अधिक संख्या में उत्पादन की आशा कर सकता है ।
तेजस मार्क 1ए में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक रेडार, युद्ध, संचार प्रणाली, अतिरिक्त लड़ाकू क्षमता एवं बेहतर अनुरक्षण की सुविधाएँ शामिल होंगी ।



